टनकपुर । शारदीय नवरात्र की पंचमी तिथि पर उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उभड़ी। पिछले 24 घण्टे में करीब 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पूजा अर्चना की। भीड़ अधिक होने से मुख्य मंदिर में तैनात पुलिस ने श्रद्धालुओं को पंक्ति में खड़ा कर बारी-बारी से दर्शन करवाए। श्रद्धालुओं के जयकारे से मां पूर्णागिरि की चोटी और यात्रा मार्ग गुंजायमान रहे।
टनकपुर के एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं। साफ-सफाई के साथ पेयजल, विद्युत व सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभागों को लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। मां के दर्शन के लिए श्रद्धालु निजी वाहनों के अलावा टैक्सी वाहनों, रोडवेज बसों, ट्रेन व साइकिल से पहुंच रहे हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने बताया कि मुख्य मंदिर चौबीसों घंटे खुला हुआ है। श्रद्धालु रात और दिन किसी भी समय मां के दर्शन कर सकते हैं। श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद नेपाल के ब्रह्मदेव स्थित सिद्धबाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैँ, जिससे ब्रह्मदेव का व्यापारिक मेला भी परवान चढ़ गया है।
मां पूर्णागिरि देवी के दर्शनों को कतार में खड़े भक्त गण।
