टनकपुर/चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को टनकपुर उप जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण भी किया। अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को परखा और चिकित्सकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बाद में उन्होंने निर्माणाधीन मीडिया सेंटर का भी निरीक्षण किया।
इस मौके पर डीएम ने रोगी वार्डों में भर्ती मरीजों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। साफ-सफाई की व्यवस्था को और अधिक दुरूस्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि एनेस्थीसिया, नेत्र रोग, दंत रोग, जनरल सर्जन, और आर्थोपेडिक्स सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक और इमरजेंसी सुविधाएं मरीजों के लिए उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, डायलिसिस मशीन तथा आंखों की विभिन्न बीमारियों के इलाज से जुड़ी चिकित्सीय सुविधाएं भी सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि एम्स ऋषिकेश के सहयोग और सानिध्य में ट्रामा सेंटर का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान टनकपुर एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्य, चिकित्सा अधीक्षक डा. घनश्याम तिवारी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. प्रभा जोशी,डा.मोहम्मद उमर, अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. प्रिंस महेश्वरी,ईएनटी चिकित्सक सुकृति त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
अस्पताल के निरीक्षण के बाद में डीएम ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत निर्माणाधीन मीडिया सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की धीमी गति पर खासी नाराजगी जताई । उन्होंने कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदारों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक शुक्रवार को विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करेगा। इस दौरान एसडीएम,तहसीलदार सहित सीएम के विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, लोनिवि के अवर अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत, पालिका के ईओ ऋषभ उनियाल, जेई विजेंद्र पोखरिया, तनुजा शर्मा आदि मौजूद रहे।
टनकपुर में निर्माणाधीन मीडिया सेंटर व ट्रामा सेंटर का स्थलीय निरीक्षण करते डीएम।
