टनकपुर/चंपावत। जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने गुरुवार को जिले के मैदानी क्षेत्र स्थित टनकपुर तहसील का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व कार्यों और जनसमस्याओं के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने, लंबित वादों का समयबद्ध निस्तारण करने और आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तहसील में आने वाले वादकारियों और आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।इस दौरान उन्होंने लंबित आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) मामलों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। तहसील निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्य सहित तहसील के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
टनकपुर तहसील का निरीक्षण करते जिलाधिकारी।
