टनकपुर/चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर स्थित जनपद चंपावत के चल्थी से लगे ग्राम सभा बेलखेत में आज 12 अक्टूबर सोमवार को देर शाम एक महिला द्वारा अपनी दो नाबालिग बेटियों के साथ कथित तौर पर घर पर रखे कीटनाशक पदार्थ का सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग तीनों को निजी वाहन से उपचार के लिए उप जिला अस्पताल टनकपुर लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक डाक्टर आफताब आलम ने चिकित्सकीय टीम के साथ तीनों का प्राथमिक उपचार किया। हालत की गंभीरता को देख तीनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक,पूजा(30) पत्नी जसवंत सिंह,निवासी बेलखेत,चल्थी,चम्पावत ने अपनी दो बेटियां मानवी (13) और हर्षिता (10) द्वारा अज्ञात कारणों के चलते घर पर कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। इस बीच आनन फानन में तीनों को टनकपुर उप जिला चिकित्सालय लाया गया जहां मौजूद डॉ.आफताब आलम ने मेडिकल स्टाफ के साथ तीनों मरीजों का उपचार किया। चिकित्सक के मुताबिक तीनों की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। उपचार के दौरान मेडिकल टीम में कर्मवीर, भावना, निशा, कल्पना चौहान, बलजीत सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
