टनकपुर/चंपावत। भारतीय पुलिस सेवा के डीआईजी मुख्तार मोहसिन ने एसएसबी पंचम वाहिनी का दौरा किया। उन्होंने सीमा चौकियों की स्थिति का जायजा लेने हेतु ठुलीगाड़ समवाय का भ्रमण किया और चौकियों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
भ्रमण के दौरान उन्होंने सीमा पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही सीमा पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। इससे पूर्व वाहिनी मुख्यालय पहुंचने पर कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम ने उनका स्वागत किया तथा जवानों ने गार्ड आफ आनर दिया। कमांडेंट ने डीआईजी को पंचम वाहिनी की ओर से सीमा सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
डीआईजी ने वाहिनी मुख्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया और वाहिनी में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस मौके पर उन्होंने मुख्यालय में एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधरोपण किया। कार्यक्रम में कमांडेंट चिकित्सा अधिकारी डा. विशाल बरनवाल, उप कमांडेंट करन चौहान, सहायक कमांडंट नवीन कुमार समेत तमाम अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
पौधा रोपण करते एसएसबी के डीआईजी।
