टनकपुर/चंपावत। क्षेत्र में साइबर अपराध से जुड़े एक बड़े मामले का भंडाफोड़ हुआ है। यूको बैंक के एक शाखा के खाते का इस्तेमाल विभिन्न राज्यों के लोगों से ठगी गई रकम को जमा करने के लिए किया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब आरोपित खाताधारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318 (4) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।
टनकपुर कोतवाली के उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह बिष्ट को साइबर सेल चंपावत और समन्वय पोर्टल से प्राप्त राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) की चार शिकायतों की जांच सौंपी गई थी। जांच के दौरान पाया गया कि विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों से ऐंठी गई धनराशि को प्राप्त करने के लिए यूको बैंक टनकपुर शाखा के खाता संख्या24490110040126 का बार-बार इस्तेमाल किया गया है। ठगों ने इंटरनेट मीडिया, फोन कॉल और ऑनलाइन ऐप्स के जरिए लोगों को शेयर मार्केट में मुनाफे,नौकरी और निवेश पर भारी रिटर्न का लालच देकर इस खाते में रुपये ट्रांसफर करवाए थे। पुलिस ने बैंक शाखा प्रबंधक से प्राप्त केवाईसी और अन्य दस्तावेजों के सत्यापन के बाद खाताधारक की पहचान ज्ञानखेड़ा टनकपुर निवासी दीपक सक्सेना के रूप में की है। यह बैंक खाता किसी वैध वित्तीय लेनदेन के लिए नहीं,बल्कि साइबर अपराध से की गई अवैध कमाई को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से ही संचालित किया जा रहा था।
बैंक की भूमिका जांच जारीः कोतवाल चेतन रावत
टनकपुर/चंपावत। टनकपुर के कोतवाल चेतन सिंह रावत ने बताया कि तेलंगाना, गुजरात, गुवाहाटी, जम्मू कश्मीर से इस खाते में एक-एक बार ट्रांजेक्शन हुआ है, जिसमें पहली जांच में करीब 3.50 लाख रुपया जमा हुआ है। इस पूरे नेटवर्क में बैंक की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले की विवेचना उप निरीक्षक कुशल सिंह को सौंपी गई है।
