टनकपुर/चंपावत । भारत-नेपाल सीमा पर किसी भी तरह की अवैध या संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए दोनों देशों के सीमांत जिलों (चंपावत एवं कंचनपुर) की पुलिस आपसी सहयोग के साथ बेहतर समन्वय से काम करेगी। सीमांत के दोनों जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टनकपुर में 8 अक्टूबर को हुई बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने
पर जोर दिया गया।
दोनों देशों की सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एसपी चंपावत रेखा यादव ने नेपाल के एपीएफ (सशस्त्र प्रहरी बल) के अपने समकक्ष नेत्रमणि गिरी से वार्ता की। बैठक में भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान, तस्करी पर रोकथाम सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।बैठक में टनकपुर की क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल, टनकपुर के प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के अलावा नेपाल के कंचनपुर जिले के पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
फोटोः बैठक में मौजूद दोनों देशों के पुलिस अधिकारी।
