टनकपुर/चंपावत। आगामी पवित्र शारदीय नवरात्र पर्व को लेकर पालिका प्रशासन हरकत में आया। शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय में आगामी शारदीय नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई।
पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पालिका की ओर से नगर क्षेत्र में की जाने वाली व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। पालिका अध्यक्ष ने बताया कि 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। हर वर्ष की भांति पहले नवरात्र से ही मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का आना शुरू हो जाएगा।बताया कि बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ मेला क्षेत्र में मोबाइल शौचालय स्थापित करने सहित अन्य व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने का निर्णय लिया गया। पालिकाध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी को मेले के सुचारू संचालन और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मेला क्षेत्र और नगरीय क्षेत्र में नियमित कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने, रामलीला मैदान में मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने और पंचमुखी मंदिर से शारदा घाट तक प्रतिदिन सफाई करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में ये रहे मौजूदः
बैठक में अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के साथ ही सभासद हसीब अहमद,आशा भट्ट,दिलदार अली,वकील अहमद,दिनेश कुमार,वर्षा शर्मा,चर्चित शर्मा, सव्या वाल्मीकि,बबीता वर्मा,शैलेन्द्र सिंह,सविता बिष्ट, मनोनीत सभासद रीता,मुकेश साहू, निगम गुप्ता,धर्मपाल आर्य सहित पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।
