टनकपुर/चम्पावत । टनकपुर कोतवाली में एक महिला द्वारा ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न को लेकर तहरीर सौंपी गई है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के मामले में पति, सास, ससुर व ननद के विरूद्ध मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपितों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता अर्चना वाल्मीकि द्वारा कोतवाली में सौंपी तहरीर के अनुसार उसका नवंबर 2024 को विवेक वाल्मीकि पुत्र बाबू लाल वाल्मीकि,निवासी बैनी चौधरी,लाल रोड पीलीभीत के साथ ईसाई रीति रिवाज के तहत विवाह हुआ था। पीड़िता के मुताबिक पिता ने शादी में अपनी हैसियत मुताबिक घर का साजो समान उपहार स्वरूप दिया था। किन्तु शादी के बाद से ही उसका पति व सास पदमा वाल्मीकि, ससुर बाबू लाल वाल्मीकि, ननद क्रस्टीना उर्फ कली कार और पांच लाख रुपये की मांग कर उसका उत्पीड़न कर रहे हैं कहा कि इस बीच कई बार उसकी हत्या के प्रयास भी किए गए। पीड़िता ने कहा कि है उसका पति शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। कई बार उसने जलती सिगरेट से उसके शरीर के अंगों को जला दिया गया। जले हुए निशान उसके बाएं हाथ पर मौजूद हैं।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर उसका पति अश्लील वीडियो बनाकर उसे बदनाम करने की भी धमकी दे रहा है। उसकी ननद भी उसके साथ हमेशा मारपीट और बुरा बर्ताव करती है। तहरीर में पति, सास, ससुर व ननद के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। मामले को लेकर सीओ (पुलिस क्षेत्राधिकारी) निहारिका सेमवाल ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आरोपित पति,सास,ससुर व ननद के विरूद्ध दहेज अधिनियम 3/ 4 व 115/2, 110 /1, 127 /2, 351/2, तथा 77 व 85 बीएनएस की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक गुरविंदर कौर को सौंपी गई है।
