टनकपुर/चम्पावत। पिछले दिनों किच्छा और सिरौली कला नगर निकाय चुनाव हेतु हुए मतदान के बाद माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद बुधवार को मतगणना की गई। उक्त मतगणना के बाद इन दोनों ही नगर निकायों में कांग्रेस प्रत्याशियों की बड़े अन्तर से मिली जीत से उत्साहित टनकपुर नगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं द्वारा खुशी जता मिष्ठान वितरण किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों ही विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी।
पार्टी कार्यालय में कांग्रेस नगर अध्यक्ष श्याम कुमार की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह तथा नवगठित सिरौली कला नगर पालिका अध्यक्ष पद पर रशीदा बेगम की जीत पर कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि चुनाव में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है। दोनों निकायों के मतदाताओं ने कांग्रेसप्रत्याशियों पर भरोसा जताकर लोकतंत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कहा कि किच्छा और सिरौली कला की जनता का जनादेश कांग्रेस के प्रति विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के साथ जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे। इस मौके पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने दोनों निकायों के मतदाताओं के प्रति आभार भी जताया।
बैठक में ये रहे मौजूदः
पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में नगर अध्यक्ष श्याम कुमार, प्रदेश सचिव सतीश पांडेय, नीरज मिश्रा, साहिल गिरी, रुपेश सक्सेना, आदिल, आशिफ खान, सौरभ गिरी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नगर निकाय किच्छा व सिरौली कला में मिली जीत की खुशी में मिष्ठान्न वितरण करते टनकपुर के कांग्रेस जन।
