टनकपुर/चम्पावत। उत्तर भारत के सुविख्यात माँ पूर्णागिरि दरबार में पवित्र नवरात्र पर हर वर्ष की भांति लगने वाले मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों एवं मंदिर समिति व टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बिजली, पेयजल, सड़क, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।एसडीएम ने संबंधित विभागों को मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस दौरान विद्युत एवं जल संस्थान को निर्बाध बिजली-पानी, लोनिवि को सड़कों की मरम्मत तथा पुलिस प्रशासन को यातायात और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में तहसीलदार पिंकी आर्या, सीओ निहारिका सेमवाल, मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, लोनिवि के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार सहित संबंधित लिभागो के अधिकारी मौजूद रहे।
