टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। गत रविवार रात्री सितारगंज -टनकपुर(एनएच) राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल टहल रहे एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति की अज्ञात वाहन के चपेट में आने से मौत हो गई। टक्कर मारने वाला वाहन और चालक फरार है। बनबसा पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक 4 अक्टूबर की रात करीब 8: 50 बजे NH पर जगबुढ़ा पुल व थाने के बीच एआरके होटल के पास एक वाहन की चपेट में आने से 53 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में दान सिंह भंडारी पुत्र त्रिलोक सिंह भंडारी निवासी पचपकरिया, बनबसा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टनकपुर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उक्त ग्राम के ही निवासी इन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक अपने पीछे पत्नी एक पुत्र व एक पुत्री से भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं।
