टनकपुर/सूखीढांग/चम्पावत। सात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के क्षेत्र सूखीढांग-बृजनगर में बैंक खुलवाने की मांग को लेकर पूर्व निर्धारित आज गांधी जयंती के दिन 2 अक्टूबर को आंदोलन शुरू हुआ। आन्दोलन शुरू होने के साथ ही जिला प्रशासन एकदम हरकत में आया । संघर्ष समिति के संयोजक पंडित शंकर दत्त जोशी ने बताया कि डीएम मनीष कुमार ने उनके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष पंडित महेश चंद्र चौड़ाकोटी से फोन पर वार्ता कर बैंक शाखा जल्द से जल्द खुलवाने के लिए सभी जरूरी प्रक्रिय करने का आश्वासन दिया। श्री जोशी ने बताया कि इस आश्वासन के बाद संघर्ष समिति ने फिलहाल धरना स्थगित कर दिया। संयोजक जोशी ने कहा कि 31 अक्टूबर तक बैंक शाखा खोलने को लेकर ठोस कार्यवाही नहीं होने पर फिर से आंदोलन किया जाएगा।
गौरतलब है कि तल्लापाल विलौन क्षेत्र की धूरी सूखीढांग क्षेत्र के लोगों द्वारा वर्ष 1990 से पीडीसीबी (पिथौरागढ जिला सहकारी बैंक लिमिटेड) या किसी अन्य बैंक की शाखा खोले जाने की मांग उठाई जा रही है। शाखा नहीं खुलने से ग्रामीणों में खासा गुस्सा है।समिति का कहना है कि टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित न्याय पंचायत बमनजौल की 12 ग्राम पंचायतों का सूखीढांग केंद्र बिंदु भी है। इस क्षेत्र में बैंक की शाखा खोलने की पिछले लम्बे से मांग की जा रही है। कई बार आश्वासन से लेकर सर्वे तक हुए, लेकिन बैंक की शाखा नहीं खुली। इससे क्षेत्र की 15 हजार की आबादी बैंक के कामकाज को लेकर परेशान रहती है। पूर्व निर्धारित धरने प्रदर्शन में पूर्व ब्लॉक उप प्रमुख प्रकाश चौड़ाकोटी, कमल किशोर, संदीप जोशी, मोहन सिंह, नरेंद्र जोशी, नंदाबल्लभ जोशी, नाथ सिंह, राजेंद्र सिंह, चंद्रमोहन, मदन सिंह, रमेश चंद्र, मोहन चंद्र, कुशल सिंह, हरीश चंद्र जोशी आदि शामिल रहे।
संघर्ष समिति संयोजक शंकर जोशी की आत्मदाह का अल्टीमेटमः
टनकपुर/चम्पावत। तल्लापाल विलौन संघर्ष समिति के संयोजक पंडित शंकर दत्त जोशी द्वारा गत 22 सितंबर को राज्य स्थापना दिवस 9 नवंबर तक क्षेत्र में बैंक की शाखा नहीं खुलने पर टनकपुर एसडीएम को ज्ञापनसौंप आत्मदाह का अल्टीमेटम दिया गया है। इसी के तहत आज 2 अक्टूबर से सूखीढांग में अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया गया जिसे फिलहाल आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया है।
सूखीढांग क्षेत्र में धरना प्रदर्शन करते समिति के लोग व ग्रामीण।
