टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर राजकीय महाविद्यालय में हुए छात्रसंघ चुनाव में आज तक के इतिहास में पहली दफा मतगणना के बाद परिसर में बवाल,विवाद ही नहीं सारी रात भारी हंगामा मचा रहा। हद तो तब हो गई जब ये सबकुछ प्रशासन व पुलिस की मौजूदगी में हुआ। सारी रात चले तमाम नाटकीय घटनाक्रम के बीच अंतत: टनकपुर राजकीय महाविद्यालय छात्रसंघ चुनावों के विवाद का पटाक्षेप हो गया। आधी रात बाद नतीजे घोषित किए गए। प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी ने निर्वाचित प्रत्याशियों की सूची जारी कर विजयी प्रत्याशियों को बकायदा शपथ ग्रहण क्राई गई।
इससे पूर्व कल 29 सितंबर को मतगणना पूरी होने के बाद एबीवीपी ने गिनती में गड़बड़ी और फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए विरोध जताया था। पुनर्मतगणना की मांग करते हुए धरना दिया। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ.आशुतोष कुमार ने कहा कि चुनाव की समूची प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से और नियमों के मुताबिक की गई है। चुनाव नियमों के मुताबिक 3 वोटों से अधिक के अंतर में दुबारा मतगणना संभव नहीं है।प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंच मामले को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बवाल थमा नहीं। कई घंटे तक हुए टकराव के बीच मतदान अवधि की वीडियों को दुबारा देखा गया। जिसके बाद किसी तरह कुछ हद तक विवाद शांत हुआ। 29 सितंबर को हुए चुनाव में 1172 में 986 छात्र-छात्राओं ने वोट डाले।
चुनाव में अध्यक्ष सहित ज्यादातर पदों में एनएसयूआई (भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन)ने एबीवीपी(अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के प्रत्याशियों को शिकस्त दी। छात्रसंघ अध्यक्ष पद हेतु एनएसयूआई के ध्यान सिंह बोहरा निर्वाचित हुए हैं। कांटे के मुकाबले में उन्होंने एबीवीपी के सुमित नायक को 15 वोटों से हराया। ध्यान सिंह बोहरा को 499 वोट मिले। जबकि सुमित सिंह नायक को 484 वोट मिले।देर रात जब महाविद्यालय प्रशासन ने परिणाम नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने का प्रयास किया जिस पर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। बाद में महाविद्यालय प्रशासन ने चुनाव परिणाम की सूची जारी कर दी। जारी परिणाम के अनुसार अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के ध्यान सिंह ने 15 मतों से जीत दर्ज की। ध्यान सिंह को 499, जबकि एबीवीपी प्रत्याशी सुमित सिंह नायक को 484 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के संदीप सिंह ने 59 मतों से जीत हासिल की। संदीप सिंह को 453, एबीवीपी के रोहन गड़कोटी को 394 और साहिल महर को 95 मत मिले। इसी प्रकार छात्रा उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की रितिका 47 मतों से विजयी रहीं। रितिका को 494 और एबीवीपी की कंगना गुप्ता को 447 मत प्राप्त हुए। सचिव पद पर एनएसयूआई के सुशील जोशी ने 1 मतों से जीत दर्ज की। सुशील जोशी को 476 और एबीवीपी के वंश शर्मा को 464 मत मिले।संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी की रिया आर्या ने 56 मतों से जीत हासिल की। रिया आर्या को 501 और एनएसयूआई की लक्षिता जोशी को 445 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद एबीवीपी की नीतू बिष्ट के नाम रहा।नीतू बिष्ट को 646 और एनएसयूआई की मुस्कान को 312 मत प्राप्त हुए।विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई की बबीता ने जीत दर्ज की। बबीता को 515,जबकि एबीवीपी की निर्मला महराना को 415 मत ही मिल सके।
इस प्रकार टनकपुर महाविद्यालय में अध्यक्ष,उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की,जबकि संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद ही एबीवीपी के खाते में गया। चुनाव परिणाम को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं की आपत्तियों और सीसीटीवी फुटेज की मांग के बीच देर रात परिणाम जारी होने से परिसर का माहौल काफी देर तक खासा तनावपूर्ण बना रहा जो बुधवार सुबह तक भी जारी था। ऐसे में लोगों द्वारा स्थानीय प्रशासन व पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
टनकपुर छात्रसंघ चुनाव में विजयी प्रत्याशियों के साथ पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल।
