टनकपुर/चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आज 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव हेतु दोपहर तक मतदान हुआ। तय कार्यक्रम के तहत दोपहर बाद मतगणना हुई परन्तु देर रात तक चुनाव परिणाम घोषित नहीं हुए हैं। अलबत्ता गिनती पूरी होने तक अध्यक्ष पद पर कथित रूप से एनएसयूआई प्रत्याशी ध्यान सिंह बोहरा 15 वोट से आगे थे। मगर गणना के आंखिरी समय मे गिनती में गड़बड़ी और फर्जी मतदान के आरोप लगाते हुए विरोध जता पुनर्मतगणना की भी मांग की है।
अध्यक्ष पद हेतु एबीवीपी प्रत्याशी सुमित नायक ने अपने समर्थकों के साथ कालेज परिसर में धरना भी दिया। तनातनी को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर डटे थे। मिल रही जानकारी के मुताबिक विरोध कर रहे इन छात्र नेताओं की मांग पर मतदान अवधि की वीडियों को देखा जा रहा है। टकराव की नौबत को रोकने के लिए कालेज परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
प्राचार्य डॉ. अनुपमा तिवारी और मुख्य चुनाव अधिकारी आशुतोष कुमार ने कहा चुनाव की समूची प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से और नियमों के मुताबिक की गई है। कहा गया कि चुनाव नियमों के मुताबिक 3 वोटों से अधिक के अंतर में दुबारा मतगणना की व्यवस्था नहीं है। मतगणना पूरी होने के बाद एनएसयूआई प्रत्याशी ध्यान सिंह बोहरा एबीवीपी उम्मीदवार सुमित नायक से 15 वोटों से आगे बताए गए थे। अलबत्ता विवाद के चलते कालेज प्रशासन द्वारा फिलहाल चुनाव परिणाम की घोषणा नहीं की गई है। मालूम हो कि आज 29 सितंबर को हुए चुनाव में कुल 1172 में से 986 छात्र-छात्राओं ने वोट डाले।
एनएसयूआई का दावाः 5 पदों पर मिली है जीत
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर महाविद्यालय में यद्यपि अभी चुनाव नतीजे की अधिकृत घोषणा नहीं हुई है,लेकिन छात्र संगठन एनएसयूआई ने 5 पदों पर अपनी जीत का दावा किया है। एनएसयूआई के सोशल मीडिया ग्रुप के मुताबिक अध्यक्ष पद पर ध्यान सिंह बोहरा,उपाध्यक्ष पद पर संदीप बुराठी,छात्रा उपाध्यक्ष पद पर रीतिका,सचिव पद पर सुशील जोशी और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद हेतु बबीता चुनाव जीत चुकी हैं। देर रात खबर लिखे जाने तक कालेज परिसर में प्राचार्या समस्त स्टाफ,प्रशासन व पुलिस के लोग डटे हुए हैं। जिससे शहर क्षेत्र में भी चर्चाओं का बाजार भी खासा गर्म है।
कालेज परिसर में मतगणना कक्ष का नजारा व धरने पर बैठे एबीवीपी छात्र।
