टनकपुर/चंपावत। गत 3 दिनों तक क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश से पूर्णागिरि धाम में 3 धर्मशालाएं धराशायी हो गई हैं।साथ ही धर्मशाला के भीतर रखी सामग्री का भी नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक पहाड़ी से मलबा गिरने से ये क्षति हुई है। इसके अलावा कालीमंदिर के पास एक जगह रास्ता भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
पूर्णागिरि (कालीगूंठ) के ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी ने प्रशासन से शीघ्र रास्तों को ठीक कराने और धर्मशालाओं की मरम्मत में मदद करने को कहा है। पूर्णागिरि क्षेत्र के पुजारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता पंडित राजेंद्र तिवारी राजू ने बताया कि क्षेत्र में भैरव मंदिर से काली मंदिर के बीच कई जगह पिछले दिनों हुई भारी बारिश से खासा नुकसान हुआ है। 3 धर्मशालाएं टूटी हैं। काली मंदिर के पास सिद्धमोड़ के धर्मशाला स्वामी नंदा बल्लभ तिवारी और नाथ पांडेय की धर्मशाला में मलबा आने से नुकसान हुआ है। इसके अलावा भैरव मंदिर नाले के पास की धर्मशाला के स्वामी हरीश पांडेय की धर्मशाला को भी नुकसान हुआ है। वहीं सामने की पहाड़ी से मलबा गिरने से बिशन दत्त भट्ट की धर्मशाला खतरे की जद में हैं। सिद्धमोड़ और भैरव मंदिर क्षेत्र में कुछ जगह रास्ते भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
पूर्णागिरि में बारिश से हुए नुकसान का दृश्य।
