टनकपुर/चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर में नामांकन पत्राें की जांच के बाद छात्रसंघ पदाधिकारियों की वैध सूची जारी कर दी गई है। यहां अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी सुमित सिंह नायक और एनएसयूआइ प्रत्याशी ध्यान सिंह के बीच मुकाबला होगा। छात्र उपाध्यक्ष पद पर राेहन गड़कोटी, साहिल महर व संदीप सिंह, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कंगना गुप्ता व रितिका, सचिव पद पर वंश शर्मा व सुशील जोशी, संयुक्त सचिव पद पर रिया आर्या व लक्षिता जोशी, कोषाध्यक्ष पद पर नीतू बिष्ट व मुस्कान, विवि प्रतिनिधि पद पर निर्मला महराना व बबीता के नामांकन भी वैध पाए गए। चुनाव अधिकारी डा. आशुतोष कुमार ने बताया कि सांस्कृतिक सचिव पद के प्रत्याशी आशीष कुमार का नामांकन निरस्त किया गया है। आशीष कुमार महाविद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी करने के प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाए। चुनाव 29 सितंबर को होंगे, उसी दिन विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
.......
चंपावत महाविद्यालय में एबीवीपी व निर्दल प्रत्याशी के बीच होगा सीधा मुकाबलाः
चंपावत। एसएसजे परिसर चंपावत में छात्र संघ चुनाव की स्थिति स्पष्ट हो गई है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद शनिवार को वैध प्रत्याशियों की सूची घोषित कर दी गई। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी सागर मौनी व निर्दल प्रत्याशी भानु तड़ागी का नामांक वैध होने से उनके बीच सीधा मुकाबला होगा। उपाध्यक्ष पद पर मोहित कुमार का मुकाबला निकेश भट्ट और छात्रा उपाध्यक्ष पद पर हर्षिता भट्ट और रिद्धि सुदन का मुकाबला होगा। कोषाध्यक्ष पद पर अंकिता गोस्वामी और प्रीति के बीच मुकाबला होगा। चुनाव अधिकारी डा. सुभाष चंद्रा ने बताया कि सचिव पद पर ललित मोहन जोशी, संयुक्त सचिव पद पर शिवानी गिरी, सांस्कृतिक सचिव पद पर सुनीता भट्ट, विवि प्रतिनिधि पद पर देवेंद्र सिंह नेगी, कला संकाय पद पर कविता थ्वाल और वाणिज्य संकाय पद पर अमित कुमार का नामांकन भी वैध पाया गया है। उन्होंने बताया कि विज्ञान संकाय में किसी ने भी नामांकन नहीं कराया है। शनिवार को पूर्वान्ह 11 से दोपहर एक बजे तक नामांकन हुए। अपरान्ह तीन बजे तक नाम वापसी हुई। नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची घोषित की गई। छात्रसंघ के लिए चुनाव 29 सितंबर को होंगे।
...........
बनबसा महाविद्यालय में एबीवीपी समर्थित अनुष्का का छात्रसंघ अध्यक्ष बनना तयः
बनबसा/चम्पावत। राजकीय महाविद्यालय बनबसा में भी छात्रसंघ प्रत्याशियों के वैध नामों की सूची जारी कर दी गई है। अध्यक्ष सहित सभी पदों पर एक-एक नामांकन होने से निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। अध्यक्ष पद पर अनुष्का, छात्रा उपाध्यक्ष पद पर खुशी वर्मा, सचिव पद पर मिली सागर, कोषाध्यक्ष पद पर प्रतिभा दत्त, विवि प्रतिनिधि पद पर रितेश बहादुर थापा के नामांकन वैध पाए गए। चुनाव अधिकारी डा. कमलेश शक्टा ने बताया कि छात्र उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव तथा सांस्कृतिक सचिव पद के लिए आवेदन प्राप्त नहीं हुए हैं। रिक्त पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया बाद में की जाएगी।
..............
लोहाघाट महाविद्यालय में आज जारी होगी अंतिम वैध सूची
लोहाघाट/चम्पावत।स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया जारी है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार वैध प्रत्याशियों की सूची रविवार को घोषित की जाएगी। प्राचार्य डा. रेखा जोशी और चुनाव प्रभारी डा. नवल जोशी ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं एबीवीपी के प्रदेश छात्रसंघ प्रमुख विवेक पुजारी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर हिमांशु कुमार, उपाध्यक्ष पद पर राजेंद्र भैसोड़ा, उपाध्यक्षा पद पर आरती चौधरी, महासचिव पद पर अमित चिलकोटी, संयुक्त सचिव पद पर हिमांशी बोहरा, सांस्कृतिक सचिव पद पर निखिल राय तथा वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर शुभम जोशी ने नामांकन कराया है। इन सभी पदों पर एक-एक नामांकन पत्र जमा हुआ है। उन्होंने दावा किया कि नामांकन पत्रों की जांच में सभी प्रत्याशी वैध पाए जाते हैं तो एबीवीपी के सातों प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। हालांकि अंतिम स्थिति नामांकन पत्रों की जांच और वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
