टनकपुर/चम्पावत। जिले के पिछड़े क्षेत्र सुखीढांग में शीघ्र पिथौरागढ सहकारी बैंक की शाखा नहीं खुलने पर ग्रामीणों में बेहद आक्रोश है। तल्ला पाल विलौन संघर्ष समिति के संयोजक पंडित शंकर दत्त जोशी ने राज्य स्थापना दिवस नौ नवंबर तक बैंक शाखा का गठन नहीं होने पर क्रमिक अनशन,आमरण अनशन और आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में उन्होंने टनकपुर के एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
पंडित शंकर दत्त जोशी का कहना है कि सात स्वतत्रंता संग्राम सेनानियों के क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग में स्थित न्याय पंचायत बमनजौल की 12 ग्राम पंचायतों के केंद्रबिंदु बृजनगर सुखीढांग में वर्षो से सहकारी बैंक शाखा खोलने की मांग की जा रही है। बैंक शाखा को कई वर्षो से स्वीकृति प्राप्त है। शासन प्रशासन की ओर से बैंक की शाखा खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित नहीं किए जाने से क्षेत्रीय जनता में तीव्र आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्र की 15 हजार से अधिक की आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंडित जोशी की ओर से दिए गए ज्ञापन में राज्य स्थापना दिवस नौ नवंबर तक बैंक शाखा की मांग पूरी नहीं होने पर दो अक्तूबर से बेमियादी आंदोलन शुरू करने के साथ आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
