टनकपुर/बाराकोट/चम्पावत। जनपद चम्पावत के तहसील बाराकोट क्षेत्र के कामाज्यूला के पास अज्ञात कारणों के चलते एक पिकअप वाहन करीब 500 फीट गहरी खाई में गिर गई। उक्त दुर्घटना में वाहन में सवार दो में से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल चालक को लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाया गया है।
पुलिस मीडिया ग्रुप से मिली जानकारी के मुताबिक देर शाम करीब 7 बजे कामाज्यूला से अल्मोड़ा जाने वाली रोड में एक पिकअप वाहन सं.(यूए 03/4351) अनियंत्रित होकर करीब 500 फीट गहरीखाई में जा गिरी। हादसे में जीत सिंह (58) पुत्र धर्म सिंह अधिकारी निवासी रैघांव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वाहन चालक नारायण सिंह अधिकारी (37) पुत्र दिनेश सिंह निवासी रैघांव गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को बाराकोट लाया गया। इसके बाद आपातकालीन सेवा के माध्यम से घायल को उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया कि घायल को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए घायल को चंपावत जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की वजह का पता नहीं चला है, लेकिन क्षेत्र के लोगों के मुताबिक पिकअप के ब्रेक फेल होने से दुर्घटना का अंदेशा जताया जा रहा है। बहरहाल पुतिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
दुर्घटना में घायल वाहन चालक।
