टनकपुर/चम्पावत। गत रात्रि टनकपुर स्थित ग्राम सैलानीगोठ में एक पूर्व सैनिक के घर में चोरों ने धावा बोल नकदी और लाखों रुपये के जेवरात उड़ा लिए। उक्त घटना की जानकारी मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस द्वारा पीड़ित के घर का मौका मुआयाना किया गया साथ ही तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। गांव में हुई उक्त चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गत रात्री सैलानीगोठ में सेना छावनी क्षेत्र से कुछ दूरी पर पूर्व फौजी सूबेदार बसंत राम के घर चोरों ने धावा बोला। इसी दौरान चोरों ने खिड़की की ग्रिल को काटा और भीतर दाखिल हुए। पूर्व फौजी के मुताबिक वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे,लेकिन चोरों की इस हरकत की उन्हें कानों-कान भनक तक नहीं लगी। प्रभावित परिवार के मुताबिक चोरों ने घर के भीतर का सामान टटोला और फिर अल्मारी में रखे नकदी और जेवरात ले उड़े। उनके द्वारा बताया गया कि चोरों ने करीब 1 लाख रुपये की नकदी के अलावा पत्नी,बहूू और बेटी के आभूषण भी चुरा लिए। गृह स्वामी को अंदेशा है कि चोर जंगल की ओर से रेलवे पटरी के रास्ते उनके घर तक पहुंचे हो सकते हैं। और वारदात को अंजाम देने के बाद संभवत: इसी रास्ते से फरार भी हो गए हो।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाल टनकपुर चेतन रावत, मनिहारगोठ चौकी के प्रभारी तेज कुमार सहित पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया। कोतवाल ने बताया कि पुलिस द्वारा घटना स्थल का बारीकी से परीक्षण करने के साथ घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी भी खंगालने के साथ ही इस घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जानकारी ले जांच शुरू की गई है। महिनहारगोठ चौकी के प्रभारी तेज कुमार को जांच अधिकारी बनाया गया है। पूर्व फौजी बसंत राम की तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
पीड़ित परिवार के घर पहुंच जानकारी लेती पुलिस।
