टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। एक ओर जहां प्रदेश सरकार अतिक्रमण और अवैध निर्माण को लेकर सख्त रवैया अपना रही है। जिसके तहत ऐसे निर्माण को तुड़वा रही हैजो खाली पड़ी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए है। वहीं जनपद चम्पावत की विधानसभा चम्पावत जो किमुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा है,के प्रवेशद्वार बनबसा में पुलिस थाने से बमुश्किल 300 मीटर दूर की सरकारी जमीन पर रातोंरात अवैध निर्माण कर दिया गया।और हद तो तब हो गई जब इस निर्माण को अपर मुख्य अधिकारी अनिल जोशी के नेतृत्व में तुड़वाने गई जिला पंचायत की टीम को भी रोका गया। टीम मायूस लौट आई। अलबत्ता जिला पंचायत ने नोटिस चस्पा कर दिया।
टनकपुर से 13 किमी व जिला मुख्यालय चम्पावत से 88 किमी दूर सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनबसा बस स्टेशन के पास जिला पंचायत की जमीन पर रातोंरात अवैध निर्माण किया गया है। जिला पंचायत चम्पावत के मुताबिक ओम प्रकाश नाम के व्यक्ति को पंचायत ने दुकान किराए पर दी थी, लेकिन पिछले कई वर्षों से इस दुकान का संचालन कृष्णानंद कापड़ी कर रहा है। आरोप है कि दुकान के पीछे सरकारी जमीन में अवैध निर्माण कर कल 12 सितंबर की छुट्टी का लाभ उठाते हुए रातोंरात पक्की छत(लिंटर) डाल दी गई। सूचना पर एएमए
के नेतृत्व में जिला पंचायत की टीम 13 सितंबर को मौके पर पहुंची।जिला पंचायत की घंटों की मशक्कत और पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटायाजा सका जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हद तो तब हो गई जब इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में कई बार नोकझोक की नौबत भी आई पर जिला पंचायत द्वारा जारी नोटिस भी तामील नहीं हो सका। थकहार कर पंचायत ने नोटिस को अवैध निर्माण वाली दीवार पर चस्पा कर दिया गया।
जिला पंचायत का वर्जनः
टनकपुर/बनबसा। अवैध निर्माण की जानकारी मिलने पर विभाग के कर्मी को कल 12 सितंबर को मौके पर भेज काम रोकने को कहा गया था। आज जिला पंचायत की टीम मौके पर पहुंची लेकिन अवैध निर्माण कराने वाले कृष्णानंद कापड़ी ने अवैध निर्माण तोड़ने नहीं दिया। इस व्यक्ति द्वारा सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का पहले भी कई बार प्रयास किया गया है। अवैध निर्माण करने वाले कृष्णानंद कापड़ी ने नोटिस लेने से इनकार किया। जिस पर आज 13 सितंबर को नोटिस चस्पा कर दिया गया है।
अनिल जोशी,
अपर मुख्य अधिकारी,
जिला पंचायत, चंपावत।
बनबसा में जिला पंचायत की भूमि पर किया गया अवैध निर्माण।
