टनकपुर/चंपावत। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण मां पूर्णागिरि धाम स्थित भैरव मंदिर क्षेत्र की सड़क में आई दरार एक धर्मशाला के लिए खतरा बन रही है। अचानक आई दरार को लेकर प्रभावित धर्मशाला स्वामी ने लोनिवि(लोक निर्माण विभाग)और जिला प्रशासन से तत्काल सुरक्षा के उपाय करने का आग्रह किया है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोनिवि के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत ने उक्त क्षेत्र का मौका मुआयना करने के साथ ही धर्मशाला स्वामी को बचाव हेतु आवश्यक कदम उठाने का भरोसा भी दिया।
क्षेत्र में गत 5 सितंबर से लगातार तकरीबन 3 दिन तक दिन रात बारिश हुई। बारिश से ठुलीगाड़-भैरव मंदिर मार्ग पर भैरव मंदिर से एक मोड़ पूर्व आए धंसाव से जलभराव हो गया । जल भराव के कारण सड़क में दरार आने लगी और इस दरार से पास की एक धर्मशाला को खतरा उत्पन्न हो गया।खतरे की जद में आए धर्मशाला के स्वामी पण्डित नेत्र बल्लभ तिवारी एवं उनके भाई किशन तिवारी ने कहा कि रोड में जमा पाने के रिसाव से धर्मशाला की पहली मंजिल की दीवार को क्षति पहुंच रही है। इससे समूची धर्मशाला को गंभीर खतरा हो गया है। उनका कहना है कि बैंक से कर्ज लेकर धर्मशाला का निर्माण कराया गया है। ऐसे में धर्मशाला को नुकसान होने से उनके सम्मुख भारी आर्थिक संकट आ सकता है। लिहाजा बचाव के तत्काल उपाय किए जाए। पंडित तिवारी ने इसे लेकर जिलाधिकारी से भी गुहार लगाई। DM मनीष कुमार ने बचाव के जरूरी उपाय करने के लोनिवि को निर्देश दिए हैं।
मन्दिर समिति अध्यक्ष व ग्राम प्रधान ने डीएम को भेजा पत्र
टनकपुर। बारिश के कारण धर्मशाला की दीवार में आई दरार को लेकर पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी और पूर्णागिरि (कालीगूंठ) के ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी ने भी डीएम चम्पावत को पत्र भेज धर्मशाला को आसन्न खतरे से बचाव एवं लोनिवि की रोड की जल्द से जल्द मरम्मत कराने को कहा है।
पूर्णागिरि क्षेत्र स्थित धर्मशाला की दीवार व सड़क पर जमा पानी ।
