टनकपुर/चम्पावत। पिछले 24 घण्टे से चंपावत जिले के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश है। बीती रात से हो रही बारिश से भले ही जनपद की अधिकांश सड़कें खुली हो, लेकिन जन-जीवन पर बारिश का असर पड़ा है।
गत रात्री से सुबह 8 बजे जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर में सबसे अधिक बारिश हुई है जो आज रविवार शाम खबर लिखे जाने तक जारी है । इधर भारी बारिश के बावजूद टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित दोनों एनएच पर वाहनों की आवाजाही सुचारू है। वहीं पूर्णागिरि मार्ग पर बाटनागाड़ सहित कई नालों में पानी बढ़ने से खतरा बना हुआ है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस इन स्थानों पर निगरानी रखे हुए हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चम्पावत के मुताबिक टनकपुर-जौलजीबी (निमार्णाधीन) सड़क फिर बंद हो गई है। गौरतलब है कि यह सड़क कल भी बंद हुई थी, जिसे लोक निर्माण विभाग ने शाम करीब 6 बजे कामचलाऊ सुचारू कर दिया था। लेकिन चरण मंदिर के पास कमोबेश लगातार आ रहे मलबे ने खासी मुश्किल पैदा की है।
दस दिनों में चौथी बार बन्द टी-जे सड़कः
टनकपुर/चम्पावत। टीजे (टनकपुर-जौलजीबी) सड़क की कार्यदाई संस्था लोनिवि के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह
सामंत का कहना है कि टीजे रोड पर चरण मंदिर के पास चट्टान और मलबे से खतरा बना हुआ है। रोड को खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं। वहीं टीजे रोड एक पखवाड़े से भी कम समय में चौथी बार बंद हो गई है। इससे कलढूंगा, चूका,सीम,खेत सहित नेपाल सीमा से लगे कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है।
पूर्णागिरि मार्ग पर भरे बारिश के पानी का नजारा।
