टनकपुर/चंपावत । टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग स्थित ग्राम ऊचौलीगोठ के वाशिंदों को इन दिनों बारिश के बावजूद 4 दिनों तक पेयजल किल्लत से जूझना पड़ा। पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज जल संस्थान के टनकपुर कार्यालय में विरोध जताया। पेयजल आपूर्ति करने वाले साइट पर खराब ट्रांसफार्मर को बदलने की ऊर्जा निगम के अधिकारियों से भी मांग की गई। कहा कि जल संस्थान के टनकपुर के स.अभियंता व अवर अभियन्ता ग्रामीणों का फोन तक रिसीव नहीं करते हैं।
अपनी दुश्वारियों से सुबह ग्रामीणों ने वाट्सेप मैसेज के जरिए जिलाधिकारी को भी अवगत कराई। मामला संज्ञान में आने पर डीएम मनीष कुमार ने ग्रामीणों से बात करने के साथ ही जल संस्थान के अधिकारियों को समस्या के तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देशों का असर हुआ और शाम तक पेयजल व्यवस्था सुचारू हो गई। बृहस्पतिवार पूर्वान्ह जल संस्थान कार्यालय में विरोध जताने वालों में उप प्रधान हेम जोशी, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त घनश्याम भट्ट, अशोक सिंह, करण सिंह, राजू भट्ट, हयात सिंह, दिनेश सिंह आदि शामिल थे। ऊर्जा निगम के उप खंड अभियंता महेंद्र सिंह बृजवाल ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को 24 घंटे से पहले बदल दिया गया।
जल संस्थान कार्यालय में पहुंचें गामीण।
