टनकपुर/चंपावत। पंचायत प्रतिनिधियों के उत्पीड़न के खिलाफ लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। आक्रोशित कांग्रेस विधायक अधिकारी ने आज जिला मुख्यालय चम्पावत पहुंच करीब ढाई घंटे तक मुख्य विकास अधिकारी से उक्त मामले को लेकर जवाब तलब कार्यालय में धरना दिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत के वित्त से होने वाले कार्यों के भुगतान में 15 प्रतिशत से अधिक कमिशन वसूला जा रहा है। इतना ही नहीं एक मामले में एक ग्राम पंचायत अधिकारी पर प्रधान के हस्ताक्षर के बगैर ही रकम निकालने का आरोप है। करीब ढाई घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद विधायक के आक्रोश को देख मामले में एक आरोपी जेई को दूसरे विकासखंड संबद्ध किया गया है।
गुरुवार को ग्रामीण जनप्रतिनिधियों के साथ सीडीओ कार्यालय चम्पावत पहुंचे लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने स्थानीय प्रशासन पर आरोप लगाया कि आदर्श जिले में विकास कार्य में भ्रष्टाचार और कमीशन का खुला खेल चल रहा है। विधायक ने मामले में डीपीआरओ पर भी हीलाहवाली करने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के ऐसे हाल से धरातल पर होने वाले विकास कार्य की तस्वीर घटिया होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी उनके द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों के साथ डीपीआरओ के भ्रष्टाचार की कई शिकायतें की चुकी थी, लेकिन कार्रवाई का आश्वासन के अलावा 2 माह से अधिक समय बीतने के बाद भी कुछ नहीं हुआ। मामले की गंभीरता को समझते हुए सीडीओ डॉ. जीएस खाती ने विधायक अधिकारी को मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।
विभागीय मशीनों को भी बेचा गयाःविधायक
टनकपुर। लोहाघाट विधायक खुशाल सिंहअधिकारी ने पाटीब्लॉक में फार्म मशीनरी बैंक मामले में भी अनियमितता के आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद भी कुछ नहीं हुआ। विभाग से मिली मशीनों को बेच दिया गया है। इस संबंध में कई बार मौखिक और लिखित रूप से भी अवगत कराया जा चुका है,लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। सीडीओ ने इस मामले में एक हफ्ते के भीतर दूध का दूध पानी का पानी कराने का आश्वासन दिया है।
विरोध करने वालों में ये रहे शामिलः
चम्पावत सीडीओ कार्यालय पहुंचे विरोध करने वालों में युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सक्षम अधिकारी, ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष प्रकाश महारा, ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अमर सिंह कोटियाल, एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अजय बिष्ट, ललित वर्मा, पुष्कर सामंत, भुवन बोरा, विमलेश थापा, अजय गोरखा, भैरव राम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सीडीओ कार्यालय में पहुंचें विधायक अधिकारी व अन्य।
