टनकपुर/चम्पावत। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां कहा कि प्रदेश में पहला खेल विश्वविद्यालय शुरू हो चुका है,यह खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशी की बात है। कहा कि खिलाड़ियों की सबसे बड़ी पहचान उसकी ऊर्जा और अनुशासन से होती है। खेल और स्वस्थ शरीर मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं। खेल ही उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। सीएम धामी ने 38वें राष्ट्रीय खेल के पदक विजेताओं को जल्द नौकरी मिलने की बात भी कही।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री धामी ने चैंपियनशिप ट्रॉफी का आज 1 सितंबर को टनकपुर के सपोर्टस स्टेडियम टनकपुर में शुभारंभ किया।अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि 662 न्याय पंचायतों से इसकी शुरुआत हो रही है। जो राजधानी तक पहुंचेंगी। सभी बच्चों को मंच,प्रतिभा और सम्मान दिया जा रहा है। न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक नकद पुरस्कार दिया जा रहा है। राज्य स्तर पर विजेताओं को 4% का क्षैतिज आरक्षण भी मिलेगा। सीएम धामी ने कहा कि राष्ट्रीय खेल में प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। सीएम ने कहा कि खेल नीति बनाने के साथ पदकवीरों को नौकरी दी जा रही है। बताया कि अब तक 29 खिलाड़ियों को नौकरी दी जा चुकी है। जबकि 235 से अधिक राष्ट्रीय खेल पदक विजेताओं के नौकरी की प्रक्रिया गतिमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए बीमा देने के साथ ही खेल सुविधाएं, भौतिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित हो रहा है। महिला स्पोर्ट्स कॉलेज राज्य का ही नहीं, देश का पहला स्पोर्ट्स कॉलेज है, जो बेटियों को समर्पित है। एक जनपद एक खेल के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जिससे हर जिले से एक खेल की पहचान हो। सीएम ने कहा कि हमारा लक्ष्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अधिक पदक जीते, इस ओर हम काम कर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास काम करने की नियत नहीं थी। आज हमारी सरकार काम कर रही है,तो इन्हें बौखलाहट हो रही है। जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत,जिला महामंत्री पूरन मेहरा,मुकेश कलखुडिया, दर्जा धारी श्याम नारायण पाण्डेय मुकेश महराना, हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, सुभाष बगौली, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार,पालिकाध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार सहित अन्य भाजपाई व खेल प्रेमी मौजूद रहे ।
ट्राफी के साथ 5 लाख का पुरुस्कारःरेखा आर्या
टनकपुर। मुख्यमंत्री चेम्पियनशिप ट्राफी की शुरुआत के मौके पर यहां पहुंची प्रदेश सरकार में खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की ग्राउंड जीरो से शुरुआत होने जा रही है। उक्त शुरुआत मोहनपुर आमबाग न्याय पंचायत से हो रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा न्याय पंचायत से लेकर मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राफी तक जाएगी। इस ट्राफी को प्राप्त करने के साथ ही 5 लाख रुपए पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।
खेल सचिव अमित सिन्हा ने कहा कि खेल महाकुंभ का दूसरा सीजन है। पिछले वर्ष खेल महाकुंभ में 11.2 करोड़ रुपए पुरस्कार स्वरूप खिलाड़ियों को वितरण हुआ। 2.2 लाख खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। वहीं इस बार अब तक 2.5 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन से दूरस्थ ग्राम व न्याय पंचायत के खिलाड़ियों को मंच देना सरकार का उद्देश्य है।
टनकपुर में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्राफी की शुरुआत करते सीएम धामी साथ में खेल मंत्री व अन्य।
