टनकपुर/चंपावत। जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर बनबसा सहित चंपावत जिले भर में बीती रात से हो रही भारी बारिश से जन-जीवन पर अस्तव्यस्त हो गया है। बारिश की वजह से कहीं मलबा तो कहीं उफनाए नाले ने राहगीरों की राह पर ब्रेक लगा दिया है। बारिश के चलते सीमांत टनकपुर-जौलजीबी सड़क सहित जिले में कुल 4 सड़कें बंद होने के समाचार हैं। इस कारण वाहनों का आवागमन ठप है। इधर उफनाए नाले से मार्ग पर मलवा आने के कारण पूर्णागिरि दर्शनों पर भी ब्रेक लग गया है। हालांकि संबंधित रोडों की कार्यदाई एजेंसी सड़क को खोलने में जुटी हैं।
जनपद चंपावत के अधिकांश हिस्सों में बीते 24 घंटे में खासी तेज बारिश हुई है। इस बारिश का असर सड़कों पर पड़ा है।यद्यपि टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच(राष्ट्रीय राजमार्ग) खुला है लेकिन जिले की 4 सड़कें बंद हैं। गौरतलब है कि बारिश के कारण ही दो दिन पहले करीब तीन दिनों तक बंद रही टनकपुर-जौलजीबी सड़क भारी मलबा आने से आज 1 सितंबर की सुबह से एक बार फिर से बंद हो गई है। इसके अलावा टनकपुर-पूर्णागिरि रोड पर भी अनेक
जगह नालों के उफान पर आने से पूर्णागिरि दर्शन को जाने में अवरोध आया है। चंपावत जिले की दो अन्य सड़कों में भी बारिश की वजह से आवाजाही प्रभावित हुई है। इन सभी सड़कों को खोलने की कवायद चल रही है। इधर
लोक निर्माण विभाग टनकपुर के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत ने बताया कि टनकपुर-ठुलीगाड़ मार्ग पर नाले का जल स्तर कम होने के बाद टनकपुर-जौलजीबी रोड को खोलने का काम हो सकेगा। टीजे रोड में चरणमंदिर के पास मलबा आने से रोड का यह हिस्सा बेहद खतरनाक बना हुआ है। खबर लिखे जाने तक जनपद चम्पावत में बंद सड़कों में निर्माणाधीन टनकपुर-जौलजीबी रोड,टनकपुर-ठुलीगाड़ रोड(पूर्णागिरिमार्ग),चमदेवल-निडिल रोड, धौन-दियूरी रोड शामिल हैं।
बारिश के कारण पूर्णागिरि मार्ग पर आए मलवे का नजारा।
