टनकपुर/चम्पावत। शहर से लगे ग्राम बोरागोठ निवासी व क्षेत्र के होनहार हॉकी खिलाड़ी विक्की बोहरा का टाटा हॉकी अकादमी पहुंचने का सपना सच हो गया। अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
छोटी उम्र से ही खेल के प्रति जुनून रखने वाले विक्की ने 2023 में कोच विकास जोशी के मार्गदर्शन में हॉकी खेलना शुरू किया। इसके बाद 18 अगस्त 2025 से उन्होंने नियमित प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को और निखारना शुरू किया। पिता विनोद सिंह बोहरा और मां विमला देवी के बेटे विक्की के टाटा हॉकी अकादमी जमशेदपुर तक पहुंचने के सफर में कोच मनीषा जोशी का विशेष योगदान रहा है। विक्की का कहना है कि कोच मनीषा जोशी ने उन्हें हॉकी के गुर सिखाने के साथ-साथ हर कदम पर मदद और हौसला दिया। परिवार के सहयोग और कोच के मार्गदर्शन से विक्की लगातार अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
विक्की का लक्ष्य भविष्य में भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व करना है। उनकी मेहनत और लगन को देखते हुए परिजनों एवं खेल जगत को विश्वास है कि विक्की आने वाले समय में हॉकी के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर चंपावत और उत्तराखंड का नाम देशभर में रोशन करेंगे।
क्षेत्र के उभरते हाकी खिलाड़ी विक्की।
