टनकपुर /चंपावत। इस वर्ष रक्षाबंधन पर्व पर उत्तराखंड की प्रदेश सरकार ने पहली बार रक्षाबंधन पर रोडवेज बस में 2 दिनों के निशुल्क सफर का तोहफा दिया। आज रक्षाबंधन के दिन 28 अगस्त एवं कल 29 अगस्त को बालिकाएं और महिलाएं उत्तराखंड परिवहन निगम में फ्री में बस सेवा का उपयोग कर रही हैं। धामी सरकार की इस नेक पहल में रोडवेज बसों की खस्ताहालत ने पलीता लगा दिया है। आज रक्षाबंधन के दिन ही एनएच पर दो बसों ने यात्रियों को बीच रास्ते दगा दे दिया। जिससे महिलाओं सहित बस में सवार अन्य यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। लंबा इंतजार करना पड़ा,सो अलग।
गुरुवार को पिथौरागढ़ डिपो की बरेली से पिथौरागढ़ आ रही बस टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमोड़ी के पास खराब हो गई। इसी तरह लोहाघाट डिपो की मैदान से लोहाघाट आ रही बस टनकपुर से मात्र 21 किलोमीटर दूर सूखीढांग के पास जवाब दे गई। दोनों बसों में 40 से अधिक यात्री सवार बताए गए। बस बीच रास्ते खराब होने से मुसाफिरों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि बाद में यात्रियों को दूसरे वाहनों के जरिए उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।
आईएसबीटी से ज्यादा जरूरी बेहतर बसेंः
टनकपुर। खराब बस में सवार बेरोजगार मोर्चा के हिमांशु गड़कोटी ने कहा कि एक तरफ चंपावत जिले में ही 300 करोड़ रूपए से अधिक की लागत से आईएसबीटी और रोडवेज स्टेशन में सिटी सेंटर का निर्माण हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ परिवहन निगम में बसों का जबर्दस्त टोटा है। उन्होंने इस विसंगति को दूर कर पहले यात्रियों के लिए बेहतर बसों की व्यवस्था करने की मांग की है।
पहाड़ी यात्रा मार्ग पर खराब हालत में खड़ी बस व मार्ग पर फजीहत झेल रहे यात्री।
