टनकपुर/चंपावत। मौसम की बेरुखी के बावजूद बारिश के चलते सीएम पुष्कर सिंह धामी हेलीकॉप्टर को टनकपुर छोड़ 'सशक्त बहना उत्सव' कार्यक्रम में शिरकत करने हेतु सड़क मार्ग से धूरा पहुंचे। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित उक्त कार्यक्रम में पहुंचें सीएम धामी ने जनपद के विकास के लिए 6296. 87 लाख रु.की 50 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 11.75 करोड़ से अधिक की 20 योजनाओं का लोकार्पण तथा 51. 89 करोड़ से अधिक की 30 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं से जनपद में सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा एवं धार्मिक पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड का चहुंमुखी विकास कर रही है। महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता है। उन्हाेंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल हिमालयी चोटियों और प्राकृतिक सौंदर्य से नहीं, बल्कि यहां की मेहनती, साहसी और आत्मनिर्भर मातृशक्ति से भी है। महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल सरकारी योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि महिलाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर परिवार एवं समाज के निर्णयों में भागीदार बनाना है। उन्होंने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर होती है तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर होता है। परिवार से गांव, गांव से समाज और समाज के सशक्त होने से पूरा उत्तराखंड सशक्त एवं समृद्ध बनता है। सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां किसी बेटी को अवसरों की कमी के कारण पलायन न करना पड़े और चम्पावत की मातृशक्ति विकास की मुख्यधारा में नेतृत्वकर्ता बनकर उभरे।
मुख्यमंत्री ने सशक्त बहना उत्सव में मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि आज बारिश के कारण मौसम खराब था, लेकिन यदि उन्हें रुद्रपुर से भी वाहन द्वारा आना पड़ता तो भी वे जरूर आते। उन्होंने कहा कि वे अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। चंपावत से मिलने वाला प्रेम और अपनापन उन्हें विशेष ऊर्जा देता है।
बहनों से रक्षा सूत्र बंधवा दी शुभकामनाएंः
टनकपुर। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं से रक्षा सूत्र बंधवाकर सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।कहा सरकार का प्रयास है कि लखपति दीदी बनने के बाद प्रदेश की माताएं-बहनें आगे बढ़कर करोड़पति बनें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि इन उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण और स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए ‘मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना’ एवं ‘महालक्ष्मी किट’ जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
..........
धूरा सहित अन्य क्षेत्रों हेतु भी कई विकास कार्यों की घोषणाएंः
टनकपुर । मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की घोषणा की। इनमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्थान धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग, ग्राम पंचायत ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क, भागिना भंडारी में मुख्य सड़क से राजकीय इंटर कालेज एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग व इंटरलाकिंग टाइल्स, धन एवं बस्तियागूंठ के विभिन्न मंदिरों का सुंदरीकरण शामिल है। साथ ही आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी एवं बस्तियागूंठ के मास्वाड तोक सहित विभिन्न क्षेत्रों में भूकटाव एवं बाढ़ सुरक्षा हेतु वायरक्रेट कार्य, ग्राम पंचायत पोथ के लदिया नदी में झूला पुल, दियूरी से चौड़ा तक सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई हेतु नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग में हाटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल निर्माण कार्य किए जाएंगे।
.........
चाख में पीसा आटा, बेटियों के साथ काटा केकः
टनकपुर। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह के स्टाल में चाख चलाया (आटा पीसने का परंपरागत उपकरण ) साथ ही बाल विकास विभाग के स्टाल में उन्होंने छोटी बच्चियों के साथ केक काटकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से उपहार भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूदः
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी,डीएम मनीष कुमार,एसपी रेखा यादव,सीडीओ डा. जीएस खाती,एडीएम केएन. गोस्वामी,भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त,जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया,दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय,मुकेश महराना,सुभाष बगौली,मनोज कालाकोटी, हेमा जोशी एवं किरन देवी,भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा,विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी,वरिष्ठ भाजपाई सतीश चन्द्र पाडेय, जिला अध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, लोहाघाट के अध्यक्ष गोविन्द वर्मा, ब्लाक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, मंडल अध्यक्ष धूरा गोविन्द सिंह बोहरा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रकाश बिनबाल, सुन्दर बोहरा, शंकर दत्त पांडेय आदि मौजूद रहे।
धूरा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद सीएम धामी।
