टनकपुर/चम्पावत । सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण नेपाल सीमा से लगी टीजे (टनकपुर-जौलजीबी) रोड पर बारिश के कारण जबर्दस्त भूस्खलन हुआ है।भूस्खलन के कारण चरण मंदिर के पास रोड के एक हिस्से को खासा नुकसान
होने का अंदेशा है। सड़क की कार्यदाई संस्था लोनिवि के मुताबिक फिलहाल रोड के ऊपर पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरा हुआ है। वहीं दूसरी तरफ काली नदी है। मलबा काली नदी तक पहुंच गया है। इसके चलते नेपाल सीमा से
लगे भारतीय गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है। बारिश की वजह से लोक निर्माण विभाग की रोड खोलने कोशिशें भी नाकाम होती नजर आ रही है।
टनकपुर लोनिवि के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत ने बताया कि आज गुरुवार पूर्वान्ह टीजे (टनकपुर- जौलजीबी) सड़क पर जर्बदस्त भूूस्खलन हुआ। इस दौरान
भारी मलबे ने रोड का नामोनिशान ही मिटा दिया। इस वजह से वाहनों का आवागमन ठप हो गया है। सड़क बन्द होने से कलढुंगा,चूका,सीम,खेत, रणकोची से लेकर नेपाल सीमा से लगे तल्लादेश के दर्जनों गांवों का इस सड़क से संपर्क एकदम ठप हो गया है। वहीं सीमा की सुरक्षा में लगी एसएसबी की चार बीओपी (बॉडर्र आउटपोस्ट) में तैनात जवानों का आवागमन भी खासा प्रभावित हुआ है। यद्यपि रोड वाली साइट में लोनिवि की पोकलैन और जेसीबी मशीनें तैनात है,लेकिन रोड खोलने की कवायद पर बारिश पानी फेर रही है।
इधर सड़क बन्द होने को लेकर लोक निर्माण विभाग टनकपुर के सहायक अभियंता लक्ष्मण सिंह सामन्त ने बताया कि टीजे रोड में चरण मंदिर के नजदीक आज पूर्वान्ह जबर्दस्त भूस्खलन होने के कारण सड़क पर आवागमन ठप है।उन्होंने बताया कि रोड को खोलने के लिए त्वरित प्रयास किए जा रहे हैं। अलबत्ता जिस तरह से मलबा आया है,सड़क को सुचारू करने में दो दिन तक का समय लग सकता है।
बारिश के कारण टनकपुर-जौलजीबी पर आया मलवा।
