टनकपुर /चंपावत। पड़ोसी देश नेपाल में मूसलाघाड बारिश और भयानक बाढ़ को देखते हुए चंपावत जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। SDRF के सेनानायक के निर्देशों के क्रम में SDRF टीम टनकपुर को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील तटीय इलाकों, शारदा घाट तथा शारदा बैराज और उनके आसपास के क्षेत्रों में SDRF के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं।
आज 26 अगस्त को SDRF टीम ने घाटों एवं निचले इलाकों में जाकर स्थानीय निवासियों, यात्रियों तथा मछुआरों को जलस्तर बढ़ने की आशंका के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए DM मनीष कुमार ने जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। DM ने सिंचाई, राजस्व विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों को आपसी समन्वय बनाए रखने और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने को कहा है। साथ ही लोगों से अपील कि गई है कि वे उफनती नदियों, शारदा घाट और तटीय इलाकों के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं। किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना देने को कहा गया है।
