टनकपुर/चम्पावत। गत रात्री से आज मंगलवार सुबह क्षेत्र खासकर पहाडों पर हुई बारिश से टनकपुर- पूर्णागिरी मार्ग स्थित नायकगोठ और थ्वालखेड़ा नाले घंटों उफान पर रहे। इस दौरान मां पूर्णागिरि धाम और टनकपुर-जौलजीबी सड़क पर आवाजाही बंद हो गई। देवी धाम जाने-आने वाले श्रद्धालुओं को कुछ देर परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस बीच मां पूर्णागिरि धाम को जाने वाले श्रद्धालु और स्थानीय लोगों को करीब दो घंटे तक पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान किरोड़ा नाले के दोनों तरफ फंसे दोपहिया वाहनों और पैदल चल रहे राहगीरों को पुलिस की मदद से पार कराया गया। बाद में पानी कम होने के बाद सभी वाहनों को निकाला गया। किरोड़ा नाले में पानी बढऩे से निर्माणाधीन शारदा कॉरिडोर का काम भी कुछ हद तक प्रभावित रहा। खतरे को देखते हुए किरोड़ा नाले के आसपास पुलिस की चीता मोबाइल टीम लगातार निगरानी कर रही है। वहीं दोपहर बसानीगोठ के पास भी अचानक किरोड़ा नाला उफान पर आ गया। यहां 20 से अधिक वाहन डेढ़ घंटे तक सड़क के दोनों ओर फंसे रहे, जिनमें स्कूल बसें भी थीं।
किरोड़ा नाले पर यात्रियों को आरपार कराते पुलिस जवान।
