टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड रोडवेज के सेवानिवृत कार्मिक को लम्बा समय बीतने के बाद भी अवशेष देयकों का भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान नहीं होने से परेशान निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संगठन सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी कल्याण समिति ने एक बार फिर आंदोलन की चेतावनी दी है।
नाराज कर्मचारियों का कहना है कि चंपावत जिले में रोडवेज के टनकपुर के आईएसबीटी (अंतरराज्यीय बस टर्मिनल) और चंपावत के सिटी सेंटर का 300 करोड़ रुपये से निर्माण हो रहा है। लेकिन वहीं निगम के सेवानिवृत्त कर्मियों के बकाए भुगतान के लिए रुपये नहीं है। सेवानिवृत्त रोडवेज कर्मचारी कल्याण समिति का कहना है कि कई रिटायर्ड कर्मियों के विभिन्न मदों के अवशेष देयक बकाया है। भुगतान नहीं होने से कर्मी परेशान हैं। संगठन के अध्यक्ष मोहन सिंह कार्की, सचिव रेवाधर चौड़ाकोटी, कोषाध्यक्ष हर सिंह महर आदि ने 6 सितंबर तक भुगतान नहीं होने पर 7 सितंबर से टनकपुर मंडलीय प्रबंधक कार्यालय के सम्मुख 2 दिवसीय आंदोलन की चेतावनी दी है। इसे लेकर मंडलीय प्रबंधक (संचालन) टनकपुर के माध्यम से प्रबंध निदेशक को ज्ञापन भेजा गया है।
