टनकपुर/बनबसा/चंपावत। स्थानीय प्रशासन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जो कि यहां के विधायक भी है,की पांच वर्ष पूर्व की गई घोषणा के अनुपालन में अब एन चुनाव के वक्त एक बार फिर टनकपुर से लगे फागपुर क्षेत्र में सिडकुल (उत्तराखंड राज्य अवसरंचना एवं औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड) की स्थापना के लिए जमीन चिह्नित करने की कवायद शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व वर्ष 2017 में भी यहां सिडकुल की इकाई खोलने की स्थापना हुई थी, लेकिन 9 साल से अधिक बीतने के बावजूद जमीन भी फायनल नहीं हो सकी है। अलबत्ता अब डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर आज 21 अगस्त को राजस्व,उद्योग,वन एवं सिंचाई विभाग के अलावा सिडकुल की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया है। जिले के प्रवेश द्वार बनबसा के अंतर्गत फागपुर बीट संख्या 15 एवं 16 के अंतर्गत लगभग 30 हेक्टेयर भूमि को सिडकुल की स्थापना के लिए चिह्नित किया गया है।
उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रस्तावित भूमि का अधिकांश भू-भाग खुला हुआ है और यहां पेड़ों की संख्या और उनका घनत्व भी न्यूनतम है। ये परिस्थितियां औद्योगिक विकास की दृष्टि से अनुकूल हैं। बताया कि भूमि चिन्हीकरण की रिपोर्ट डीएम को भेजने के बाद अन्य जरूरी कार्यवाही की जाएगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि ये सिर्फ चुनावी झुनझुना है या स्थानीय बेरोजगार युवाओं के सपनों को साकार करने वाला कदम। फिलहाल क्षेत्र में इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो चला है।
संयुक्त टीम में ये रहे शामिलः
संयुक्त टीम में एसडीएम प्रमोद कुमार, जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक सुमेधा पंत, उप प्रभागीय वनाधिकारी संचिता वर्मा, सिडकुल पंतनगर के कनिष्ठ अभियंता मुकेश मंडल और सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
सिडकुल हेतु भूमि का निरीक्षण करते एसडीएम व अन्य अधिकारी गण।
