टनकपुर/चंपावत। चम्पावत पुलिस लाइन में पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों के साथ हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार के बीच आपसी सौहार्द, उत्साह एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना रहा।कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत कुमाऊँनी रीति-रिवाज एवं पारंपरिक अंदाज में किया गया।
हरियाली तीज के अवसर पर पुलिस परिवार की महिलाओं ने एकल नृत्य प्रतियोगिता, सामूहिक नृत्य, रैम्प वॉक एवं क्वीज प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम,द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालीप्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा उपहार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर तीज के रंगों को और भी जीवंत बना दिया।
एसपी रेखा यादव एवं सीओ निहारिका सेमवाल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिविल जज सीनियर डिविजन चंपावत रश्मि गोयल,एसडीएम नीतू डांगर, जिला अभियोजन अधिकारी तनुजा वर्मा,आईबी की सोनिका सिंह व अन्य विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे -
तीज क्वीन:
निर्णायक मंडल ने शोभा जोशी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “तीज क्वीन” चुना। उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया गया।
एकल नृत्य प्रतियोगिता:
एकल नृत्य प्रतियोगिता में पूनम गर्ब्याल ने प्रथम,नीतू ने द्वितीय और दलजीत कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
क्विज प्रतियोगिता:
क्वीज प्रतियोगिता में सुनीता भट्ट ने प्रथम,साबिया अंसारी ने द्वितीय और सुनीता यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रैम्प वॉक प्रतियोगिता:
रैम्प वॉक प्रतियोगिता में भावना गहतोड़ी ने प्रथम, शकुन्तला द्वितीय और पूजा गोस्वामी तृतीय स्थान पर रहे।
चम्पावत में तीज पर्व मनाते पुलिस कर्मी व अधिकारी।
