टनकपुर /चंपावत/पाटी। पाटी ब्लाक क्षेत्र में दिल दहला देने वाले हादसा हु। कानाकोट-सिरतोली के पास गुरुवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेज दिया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक गुरुवार दोपहर करीब 2:40 बजे कार (यूके 04-6677) कानाकोट से लोहाघाट की ओर आ रही थी। लोहाघाट से करीब 15 किमी दूर सिरतोली के पास कार बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को मायावती अस्पताल की एंबुलेंस से उप जिला अस्पताल लोहाघाट लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिए।
जिला पंचायत सदस्य अशोक माहरा ने बताया कि कमल सिंह लोहियाहेड पावर स्टेशन में एसएसओ के पद पर तैनात थे। कानाकोट में उनके मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। भवन निर्माण सामग्री खत्म होने पर वह मिस्त्री का कार्य कर रहे बबलू चौधरी के साथ सामान लेनेलोहाघाट आ रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, सिरतोली के पास सामने से आ रहे वाहन को पास देने के दौरान कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। मृतक कमल सिंह के परिवार में पत्नी ममता देवी,चार बेटियां और एक बेटा है। उनकी पत्नी देवीधुरा में शिक्षिका हैं। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, एसडीएम नीतू डांगर, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल,गोविंद सिंह बोहरा,अशोक माहरा,थानाध्यक्ष अशोक कुमार,रमेश चंद्र जोशी, गिरजेश बोहरा और कुलदीप भट्ट सहित अन्य लोग अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
मृतकों में कानाकोट निवासी कमल सिंह (58) पुत्र रघुवर सिंह व बगही रतनपुर, थाना बैरिया, पश्चिमी चंपारण बिहार निवासी बबलू चौधरी (38) पुत्र गंगा चौधरी शामिल हैं।
