टनकपुर/चम्पावत । शारदा नदी क्षेत्र में निर्माणाधीन शारदा कॉरिडोर में निर्माण सामग्री उतरने के दौरान अपने ही डंपर की चपेट में आने से एक चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बुरी तरह से घायल चालक को तुरन्त टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक आज बुधवार की अपरान्ह निर्माणाधीन शारदा कॉरिडोर में डंपर से निर्माण सामग्री उतारी जा रही थी। इसी दौरान डंपर का जैक स्लिप हो गया। पास में ही खड़ा डंपर चालक आसिफ खान (44) पुत्र महमूद खान निवासी सितारगंज (ऊधमसिंह नगर) जैक की चपेट में आ गया। दुर्घटना में चालक के सिर में चोट आ गई जिसे तत्काल टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। उपचार कर रहे अस्पताल के चिकित्सक डॉ.नौनिहाल सिंह ने बताया कि आसिफ खान के सिर में गंभीर चोटे आई हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर स्थिति देख हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल हेतु रेफर किया गया है।
टनकपुर अस्पताल में उपचार के दौरान डम्पर चालक।
