टनकपुर/चंपावत। नादयोग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए योगगुरु नवदीप जोशी को वियतनाम में “अंतरराष्ट्रीय योग विभूषण अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। नवदीप को हनोई शहर में नेशनल इंस्टीट्यूट आफ हालिस्टिक हेल्थ और एसकेएम योग एवं योग सान्ग खोए की ओर से आयोजित योग के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में यह सम्मान वियतनाम के खेल मंत्री वु चोंग लोई ने प्रदान किया।
उक्त पुरस्कार मिलने पर योग गुरु नवदीप जोशी ने वियतनाम सरकार का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि आज के दौर में बढ़ता तनाव,मानसिक दबाव और विद्यार्थियों में बढ़ती चिंताएं गंभीर विषय हैं। उन्होंने कहा कि 22 मिनट का नादयोग चिकित्सा अभ्यास तनाव प्रबंधन और मानसिक एकाग्रता के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। नादयोग के माध्यम से व्यक्ति को आंतरिक शांति,एकाग्रता और मानसिक संतुलन की दिशा में सहायता मिल सकती है। इसके अलावा योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्वामीनारायण आश्रम ऋषिकेश के परमाध्यक्ष स्वामी सुनील भगत,योगपीस जयपुर के संस्थापक अंतरराष्ट्रीय योगगुरु ढाकाराम,डा.निशा जोशी, डा.आरएस डबास सहित अन्य योग साधकों एवं विशेषज्ञों को “योग रत्न अवार्ड” से सम्मानित किया गया। अंतरराष्ट्रीय योग विभूषण अवार्ड मिलने पर योग जगत से जुड़े लोगों ने डा. नवदीप जोशी को बधाई देते हुए इसे नादयोग एवं भारतीय योग परंपरा के वैश्विक प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
वियतनाम में सम्मानित होने के दौरान योग गुरु डा.नवदीप।
