टनकपुर/चम्पावत। पिछले दिनों कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद वहां मंच शुद्धीकरण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
टनकपुर में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम सक्सेना के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता तहसील पहुंचे और एसडीएम कार्यालय के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जिस मंच से रैली की थी,उस मंच का कुछ लोगों ने शुद्धिकरण कर अपनी घृणित मानसिकता का परिचय दिया है। यह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का ही नहीं अपितु संविधान का भी अपमान है। कार्यकर्ताओं के संग शामिल पूर्व विधाक एवं कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमेश खर्कवाल ने कहा कि खड़गे का लंबा राजनीतिक जीवन,संविधान के प्रति उनकी निष्ठा सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि वह राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष भी हैं। इसअपमानजनक घटना से कांग्रेस कार्यकर्ता काफी आहत हैं। उन्होंने दोषियों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश सचिव सतीश पांडेय,जिला उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा,वरिष्ठ कांग्रेसी कैलाश राम,ईश्वरी प्रसाद, इरशाद अंसारी सहित अन्य कांग्रेस जन शामिल रहे।
वहीं चंपावत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मंच शुद्धिकरण को जातिवाद को बढ़ावा देने का कृत्य बताते हुए इस कार्य में शामिल लोगों के विरूद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। चंपावत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फत्र्याल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला। वक्ताओं ने इस घटना को निंदनीय बताया। कहा है कि इस घटना से जातिगत भेदभाव को बढ़ावा मिला है, जिससे देश की एकता व अखंडता को क्षति पहुंची है। इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष उमेश शर्मा, नगर अध्यक्ष दिग्विजय कार्की, अशोक वर्मा, हेम तिवारी, नानू बोहरा, विमल पांडेय, मनीष महर, भुप्पी महर, जीवन बिष्ट, कमल रैंसवाल,संजय कुंवर, मनीष, हरीश राय आदि शामिल रहे।
टनकपुर में पूर्व विधायक हेमेश संग एसडीएम को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस जन।
