टनकपुर/चंपावत। 2024 बैच के आईएफएस (भारतीय वन सेवा) के अधिकारी डी पुरुषोत्तमन ने चंपावत के नए प्रभागीय वनाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने 11 अगस्त को चार्ज लिया। बाद में नवागत डीएफओ ने डीएम मनीष कुमार से मुलाकात की। डीएम ने जिले में वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विकास कार्यों में बेहतर अंतर्विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नव नियुक्त डीएफओ का स्वागत किया। मूल रूप से केरल के रहने वाले डी पुरुषोत्तमन ने चंपावत की समृद्ध प्राकृतिक संपदा, जैव विविधता एवं खूबसूरत वन क्षेत्रों को क्षेत्र की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि वन एवं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए वन्यजीव सुरक्षा, वनों के संरक्षण एवं संवर्धन तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा।
