टनकपुर/चंपावत। मंगलवार दोपहर टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर बनलेख के पास हुई दुर्घटना में एक कार गहरी खाई में गिर गई। उक्त हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 3 अन्य जख्मी हो गए। सभी घायलों को चंपावत जिला अस्पताल लाया गया जहां मौजूद चिकित्सकों ने एक घायल की गम्भीर स्थिति देख उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेन्टर रेफर किया गया।
आपातकालीन परिचालन केन्द्र से मिली जानकारी के मुताबिक आज 11 अगस्त मंगलवार की अपराह्न चकरपुर से पिथौरागढ़ जा रही एक कार संख्या (यूके.05 टीए/ 5045) पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चम्पावत से करीब 10 किमी. 10 किलोमीटर पहले बनलेख के पास खाई में गिर गई। हादसे में एक यात्री नरेंद्र राम (32) पुत्र हेम राम निवासी बांस पिथौरागढ़ की मौके पर मौत हो गई। जबकि 3 यात्री घायल हो गए। तीनों घायलों (ड्राइवर रोहित कुमार (26) पुत्र जगदीश राम, हरि राम (60) पुत्र दानी राम और जमन राम (63) पुत्र लक्ष्मण राम सभी निवासी ग्राम बांस पिथौरागढ़ को निजी वाहन से चंपावत जिला अस्पताल भेजा गया। सिर में चोट के कारण हरि राम को हल्द्वानी रेफर किया गया है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम चम्पावत बीसी पंत के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य किया। बाद में डीएम चम्पावत मनीष कुमार एवं डीडीएमओ देवेंद्र पटवाल ने भी मौके पर पहुंच दुर्घटना स्थल का मौका मुआयना किया गया।
........
108 दुर्घटना एंबुलेंस न पहुंचने से क्षेत्र के लोगों में गुस्साः
टनकपुर। मार्ग पर हुई कार दुर्घटना के घायलों को बचाव एवं राहत कार्य में ग्रामीणों की खासी भूमिका रही। इस दौरान नीलाधर भट्ट, मोहन भट्ट, भुवन जोशी, पूर्णनंद जोशी,मोहन चंद्र जोशी,सूरज जोशी,मोहित जोशी,नवीन भट्ट,जोगा दत्त भट्ट (धौन),हिमांशु जोशी, राजेंद्र सिंह,रमेश अधिकारी,मनोज जोशी,बलदेव भट्ट आदि द्वारा घायलों को घटना स्थल से सड़क पर लाया गया। जबकि रुक्मणी जोशी, जानकी देवी आदि महिलाओं ने झाड़ी काटकर आने जाने लायक रास्ता बनाने में मदद की। वहीं घायलों के लिए आपातकालीन चिकित्सा सेवा वाहन 108 की एंबुलेंस मिलने में देरी पर ग्रामीणों में खासा गुस्सा देखा गया। कहा कि चंपावत से महज 10 किमी दूर बनलेख क्षेत्र में घायलों के लिए एंबुलेंस उपलब्ध न होना व्यवस्था पर खासे सवाल खड़े करता है।
दुर्घटना में घायल यात्रियों को ले जाती एम्बुलेंस व मौके पर पहुंचे डीएम।
