टनकपुर/चंपावत। चम्पावत कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित टेलीकाम समिति की बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाओं की स्थिति, भारतनेट योजना की प्रगति, मोबाइल नेटवर्क विस्तार की समीक्षा की। साथ ही आपदा के दौरान निर्बाध संचार व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने और दूरसंचार से संबंधित सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न लाभार्थी योजनाओं के क्रियान्वयन, विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, निर्वाचन, धार्मिक मेलों तथा आपदा जैसी परिस्थितियों में मजबूत संचार व्यवस्था होना अत्यंत आवश्यक है। कहा कि संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण करें। कार्यदायी संस्था सेंट्रल इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड (सीईएल) को जनपद के दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्र बूम, मंच तथा पूर्णागिरि में वायरलेस सेटअप (रेडियो संचार प्रणाली) स्थापित करने की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से ग्राम पंचायतों तक ब्राडबैंड कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भारतनेट परियोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन आवश्यक है। एयरटेल एवं जियो के प्रतिनिधियों को जनपद के नेटवर्क विहीन एवं कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क का विस्तार करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से बूम, चूका, ठुलीगाड़ तथा पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में नेटवर्क गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने को कहा, जिससे स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर दूरसंचार सुविधा उपलब्ध हो सके। बैठक में सीडीओ डा. जी.एस. खाती, बीएसएनएल के डीई आशीष कुमार, जेटीओ विजय बहादुर, एसडीओ सुनील कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, यूपीसीएल के ईई विजय सकारिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
==
चार स्थानों पर टेलीकाम टावर लगाने का काम पूरा
बीएसएनएल के जेटीओ विजय बहादुर ने बताया कि विविल (लोहाघाट), कलचौड़ (लोहाघाट), ब्रह्मदेव (टनकपुर) तथा धरसौ में टेलीकाम टावरों से संबंधित सिविल निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होते ही इन क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाएं सुचारु कर दी जाएंगी।
