टनकपुर/चम्पावत। 'सशक्त महिला,समृद्ध उत्तराखंड' के संकल्प और अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के आर्थिक उन्नयन के विजन के तहत टनकपुर के बोरागोठ के चयनित 'आशा स्वयं सहायता समूह' की सात महिलाओं की ओर से संचालित सचल फूड वैन व रेस्टोरेंट का यहां शुभारंभ हुआ। शुक्रवार को दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी एवं किरन देवी ने संयुक्त रूप से रेस्टोरेंट का शुभारंभ किया।
ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित 'ग्रामोत्थान रीप परियोजना' की सामूहिक उद्यम योजना (वे साइड ईटरीज) के सहयोग से महिलाओं ने इस उद्यम की स्थापना की है। दर्जा राज्य मंत्री ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि सचल फूड वैन के संचालन से एक ओर जहां समूह से जुड़ी महिलाओं की आय में वृद्धि होगी,वहीं अन्य महिलाओं में भी सामूहिक उद्यम कार्यों के प्रति उत्साह और रुचि बढ़ेगी। आशा समूह की अध्यक्ष मीना देवी ने ग्रामोत्थान परियोजना का आभार व्यक्त करते हुए सचल फूड वैन के माध्यम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दी जाने वाली सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।
ग्रामोत्थान के सहायक प्रबंधक (संस्थाएं) प्रकाश पाठक ने फूड वैन के नियमित, सुचारू संचालन तथा समुचित रखरखाव हेतु समूह की महिलाओं को प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया। सहायक प्रबंधक (आजीविका) सुमित कुमार ने भी विचार रखे। इस अवसर पर टनकपुर ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक, आशा समूह की महिला सदस्य, ओम संकुल संघ के बोर्ड सदस्य व स्टाफ, ब्लाक रीप से हरीश गोस्वामी, तुलसी कुंवर, दीपा जोशी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सचल वैन और मौजूद अतिथि व अन्य।
