टनकपुर। टनकपुर -पूर्णागिरि मार्ग से लगे गैडाखाली गांव के लोगों ने शारदा नदी से इन दिनों बरसात में होने वाले भू-कटाव को रोकने की मांग की है। उक्त मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जो कि यहां के विधायक भी हैं, को ज्ञापन भेजा है। ज्ञापन में कहा गया है कि यहां नदी के पानी से कटाव को बचाने हेतु दो माह पूर्व बनाए गए चार वायरक्रेट पहली ही बरसात में धराशायी हो गए। और भू-कटाव का खतरा फिर से होने लगा है।
कहा कि शारदा नदी गैडाखाली नंबर 3 में बीते 3 वर्षो से कृषि जमीन का कटान कर रही है। नदी से कुछ दूरी पर काश्तकारों की जमीन,फलदार पेड़ और खड़ी फसल के नुकसान से किसानों की कमर टूट रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि सिंचाई विभाग द्वारा यहां 2 माह पूर्व 4 वायरक्रेट बनाए गए थे, जो पहली ही बरसात में धराशाई हो गए और क्षेत्र फिर से भूकटाव की जद में आ गया है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में भूू-कटाव की रोकथाम के तत्काल ठोस उपाय करने की मांग की है। ज्ञापन में गैडाखाली के बहादुर सिंह खाती,तेज सिंह खाती,रजनी देवी, सुरेश महर,मोहन मिह,राजेश मोहन भट्ट,कमल सिंह, नरेंद्र सिंह भंडारी, नवीन सिंह महर आदि के हस्ताक्षर हैं।
गैड़ाखाली क्षेत्र में नदी से हो रहे भूकटाव का नजारा व गायब वायर क्रेट।
