टनकपुर/चम्पावत। पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच रही है। बुधवार की शाम टनकपुर स्थित टीआरसी (शारदा पर्यटक आवास गृह) परिसर पहुंचे दल का कुमाऊँ मंडल विकास निगम कर्मियों के साथ ही प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस दौरान हर -हर महादेव व जय भोलेनाथ के उदघोष के बीच परिसर का वातावरण खासा भक्तिमय हो गया।
नौवें यात्री दल में 36 पुरुष एवं 12 महिलाओं सहित कुल 48 तीर्थयात्री शामिल हैं। यात्रियों की आयु 36 वर्ष से 68 वर्ष के बीच बताई गई है। दल में सबसे कम 36 वर्ष व सबसे अधिक 68 वर्ष के यात्री शामिल हैं दोनों तीर्थयात्री राजस्थान के निवासी हैं। उक्त यात्री दल में देश के 13 राज्यों से श्रद्धालु शामिल है। जिसमें आंध्र प्रदेश से 1, दिल्ली से 5, गुजरात से 7, हरियाणा से 2, झारखंड से 1, मध्य प्रदेश से 1, महाराष्ट्र से 7, ओडिशा से 1, राजस्थान से 11, उत्तर प्रदेश से 4, कर्नाटक से 2, तेलंगाना से 5 तथा उत्तराखंड से 1 तीर्थयात्री शामिल है।
मालूम हो कि उक्त यात्रा का अंतिम एवं दसवां दल 9 अगस्त को टनकपुर पहुंचेगा,जिसके साथ ही यहां से वर्ष 2026 की ऐतिहासिक कैलाश मानसरोवर यात्रा टनकपुर में सम्पन्न हो जाएगी। मालूम हो कि शारदा पर्यटक आवास गृह में यात्रियों के ठहरने,भोजन, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुखद एवं सुरक्षित रहे।
टीआरसी परिसर में यात्रा दल का माल्यार्पण कर स्वागत करते प्रबंधक व अन्य।
