टनकपुर/चम्पावत। गत देर रात्रि टनकपुर- पिथौरागढ़ एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर शहर के प्रवेश द्वार ककराली गेट क्षेत्र में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उक्त हादसे में स्थानीय लोगों की तत्काल मदद से कार सवार को बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत मंगलवार देर रात्रि एनएच पर ककरालीगेट क्षेत्र में स्थित एक पेट्रोलपंप के निकट चंपावत से हल्द्वानी जा रही एक कार सं.(यूके.03/सी 9630 ) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक एनएच पर एकाएक कार के सम्मुख आए आवारा पशु को बचाने के दौरान उक्त दुर्घटना हुई। उक्त भयावह दुर्घटना में कार चालक द्वारा आपातकालीन ब्रेक लगाना पड़ा जिससे कार सड़क पर काफी दूर तक रपटने के बाद डिवाइडर से टकरा पलट गई। कार के टकराने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने पलटी हुई कार में सवार देव सिंह निवासी लोहाघाट को बाहर निकाला। उक्त दुर्घटना में कार सवार को मामूली चोट लगने की सूचना है। गौरतलब है कि एनएच पर अक्सर आवारा जानवरों के विचरण से दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं जिनसे बचाव हेतु कोई ठोस उपाय नहीं किए जा रहे हैं।
सड़क पर पलटी कार का दृश्य।
