टनकपुर/चम्पावत। पिछले लम्बे समय से टनकपुर क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। क्षेत्र में अक्सर हो रही चोरी पर अंकुश न लगने से व्यापारी व आम लोग खासे परेशान है। इधर चोरियों का पर्दाफाश न होने से चोरों के हौंसले भी बुलंद हो रहे हैं। आलम यह है कि शहर एवं ग्रामीण इलाकों में चोर घर के पास रखे गए सामान, वाहनों की बैटरियां और बाइक तक चोरी कर ले रहे हैँ।
गत रविवार 2अगस्त को छीनीगोठ के ग्रामीणों ने चोरी के संबंध में कोतवाल टनकपुर चेतन सिंह रावत को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में उन्हाेंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से गांव में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इस बीच चोरों ने एक ही रात में पांच वाहनों से बैटरी के कापर के तार चोरी कर लिए। उधर कुछ दिन पूर्व भी शहर स्थित शारदा कारिडोर क्षेत्र में बोरिंग का कार्य कर रही राजस्थान की कंपनी के ट्रक से चोरों ने कर्मचारियों का एक मोबाइल फोन और रसोई गैस सिलिंडर पर भी हाथ साफ कर लिया। इतना ही नहीं नदी नालों के किनारे बने वायर क्रेट से भी लोग वायर क्रेट के लोहे के तार चोरी कर कबाड़ी की दुकान में खुलेआम बेच रहे हैं। सभी घटनाओं की सूचना पुलिस को देने के बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं जो कहीं न कहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। इधर चोरी घटनाओं से लोगों में आक्रोश पैदा हो गया है। ग्राम छीनीगोठ के उप प्रधान सुनील नारियल, अमित गहतोड़ी, आयुष, हेमराज, माधवानंद जोशी ने पुलिस से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अब तक हुई घटनाओं का पर्दाफाश करने की मांग की है।
क्या कहते हैं पुलिस के अधिकारीः
टनकपुर थाने से अधिकांश जवान कांवड़ ड्यूटी में चले गए हैं। फोर्स कम होने से दिक्कत आ रही है। हालांकि चोरी की घटनाओं को रोकने और वारदातों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। कुछ लोगोंं को चिन्हित कर पूछताछ की जा रही है। जल्द अब तक हुई घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
-चेतन सिंह रावत, कोतवाल, टनकपुर
टनकपुर कोतवाली में ज्ञापन सौंपते ग्राम छीनीगोठ के उप प्रधान व ग्रामीण।
