टनकपुर/चंपावत। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान के क्रियांवयन के उद्देश्य से मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) के साथ आज 3 अगस्त को चम्पावत में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का और डीएम मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों एवं उनके बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बैठक में उन्होंने सभी दलों से अपने -अपने क्षेत्र के पात्र मतदाताओं की जानकारी उपलब्ध कराकर और बूथ स्तर पर समन्वय स्थापित कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
डीएम ने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटें, इसके लिए संबंधित स्थानीय जन प्रतिनिधियों से समन्वय बनाएं रखें। यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंच पाता है, तो पुन: नोटिस जारी कर जरूरत चस्पा किया जाए। जन प्रतिनिधियों से समन्वय करते हुए जरूरी जानकारी ली जाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए दावे एवं आपत्तियों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। साथ ही अपात्र मतदाताओं को चिन्हित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल एजेंटों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए पात्र मतदाताओं को अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देने और मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में बूथवार सत्यापन,दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, आवश्यक अभिलेखों की जांच और निर्वाचन आयोग की निर्धारित कार्ययोजना की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ संपादित किए जाएं।
बैठक में एडीएम केएन गोस्वामी,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र अधिकारी,प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडेय,बीजेपी के बीएलए प्रथम शंकर दत्त पांडेय,सभासद रोहित बिष्ट,नंदन त्यागी,कांग्रेस जिला
अध्यक्ष चिराग फर्त्याल,कांग्रेस के बीएलए-1 भुवन चंद्र चौबे, बसपा जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि आनंद प्रसाद सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।
एसआईआर को लेकर हुई बैठक में मौजूद अधिकारी, राजनीतिक दलों के लोग व बीएलओ।
