टनकपुर /बनबसा/चम्पावत। सोमवार को एसपी (पुलिस अधीक्षक) चम्पावत रेखा यादव बनबसा पहुंची। उन्होंने यहां स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा,शारदा बैराज एवं आईसीपी चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के सत्यापन, दस्तावेजों की जांच एवं चेकिंग प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।एसपी द्वारा सभी कार्मिकों को सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता एवं निरंतर निगरानी बनाए रखने,संदिग्ध व्यक्तियों एवं उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखने, प्रत्येक आगंतुक का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करने तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने निर्देश दिए l एसपी ने कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण करतीं एसपी चम्पावत।
